नगर के दशई पोखरा पर घोसी विधायक को स्कूल की तीन महीने की फीस का पचास प्रतिशत माफ करने का पत्र सौंपत
- फोटो : MAU
मऊ। जिले के दो विद्यालयों के प्रबंधकों की बैठक घोसी विधायक विजय राजभर की अध्यक्षता में सोमवार को नगर के दशईपोखरा स्थित डानवास्को स्कूल सभागार में हुई। इसमें विद्यालय के बच्चों की अप्रैल, मई, जून की 50 प्रतिशत फीस माफ करने का निर्णय लिया गया। लॉक डाउन के चलते अभिभावकों को राहत प्रदान करने के लिए दोनों स्कूलों ने यह कदम उठाया। घोसी विधायक विजय राजभर के स्कूल प्रबंधकों से फीस माफ करने का आग्रह प्रबंधकों ने स्वीकार कर लिया। डानवास्को स्कूल के ट्रस्टी देवेंद्र बहादुर राय ने कहा कि सभी विद्यालय परिवार देश हित में तैयार रहेगें। बताया कि अप्रैल, मई, जून की 50 प्रतिशत फीस माफ कर दी गई है। कहा कि बाकी 50 प्रतिशत फीस अभिभावक 30 जून के पूर्व जमा करा दें। फीस कम करने के निर्णय पर विधायक विजय राजभर ने प्रबंधकों का शुक्रिया अदा किया। विधायक ने इन विद्यालयों की तरह ही अन्य शिक्षण संस्थानों से आगे आने का आह्वान किया है।