रानीपुर ब्लाक मुख्यालय स्थित राजकीय बीज भंडार पर गेहूं का बीज ना मिलने से प्रदर्शन करते किसान।स
रानीपुर। ब्लाॅक मुख्यालय के राजकीय बीज गोदाम में ई पॉस मशीन में तकनीकी खामी से बीज वितरण बंद होने पर नाराज किसानों ने प्रदर्शन किया। साथ ही विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बोआई का महत्वपूर्ण समय बीत रहा है, लेकिन बीज न मिलने से किसान चिंतित हैं। आए दिन समस्या के चलते बीज नहीं बंट रहा। यही हाल रहा तो खेत बिना बोआई के ही रह जाएंगे। प्रदर्शनकारियों का यह भी कहना था पिछले साल बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए उन्हें आसानी से बीज मिल गया था, लेकिन इस साल उन्हें यह सुविधा नहीं मिल पा रही है। किसान सम्मान निधि का लाभ मिलने के बावजूद, गोदाम कर्मचारी यह कहकर बीज देने से इन्कार कर रहे हैं कि उनके नाम पर खेत की जानकारी प्रणाली में नहीं दिख रही है। प्रदर्शन करने वालों में राजेश चौहान, दहारी चौहान, बिंद्रा चौहान, जितेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।