मऊ। रानीपुर थाना के खुरहट गांव में सोमवार की शाम ट्यूबवेल से खेत में पानी चलाने गए किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मृत किसान का बेटा जब करीब चार घंटे बाद पिता काे खाना लेकर ट्यूबवेल पर गया तो वह कही दिखाई नहीं दिए। जब ट्यूबवेल के पास कुएं में टार्च जलाकर देखा तो अवाक रहा गया। फोन करने के बाद आसपास के लोग पहुंचे तब को कुएं से बाहर निकाला गया। तब तक किसान की मौत हो चुकी थी।
बिंद्रा प्रसाद यादव (67) पुत्र स्व. दूधनाथ यादव अपने घर से कुछ दूरी पर बने ट्यूबवेल पर खेत में पानी चलाने के लिए सोमवार की शाम करीब तीन बजे गए थे। रात करीब सात बजे उनका पुत्र सुशील कुमार यादव पिता को भोजन लेकर गया था। खेत पर पहुंचने के बाद पिता के नहीं मिलने पर करीब 15 मिनट तक जोेर-जोर से आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर वह ट्यूबवेल के पास पहुंचा तो देखा कि पिता ट्यूबवेल की बोरिंग के लिए बने कुएं में गिरे हैं। भाई को फोन कर बुलाने के बाद पिता को बाहर निकाला। तब तक पिता की मौत हो चुकी थी। मृत किसान के पुत्र सुशील ने बताया कि पिता के बाएं पैर में करंट की चपेट में आने से जले का निशान था। जबकि दाहिने पैर पर कुएं में गिरने से चोंट लगी थी। किसान के शव को कुएं से निकालने के बाद शव को घर लाया गया। मृत किसान के पुत्र ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस भेजा।