यूक्रेन पर रूस के हमले के विरोध में कलेक्ट्रेट पर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपने पहुंचे सं?
- फोटो : MAU
मऊ। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने अमेरिका और इंग्लैंड पर अपने हित साधने का आरोप लगाया। साथ ही राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि साम्राज्यवादी देशों के सरगना अमेरिका, इंग्लैंड ने अपने आर्थिक और सामरिक हित को ध्यान में रखकर एक देश को दूसरे देश में युद्ध कराकर अपना हित साध रहे हैं। इसी पृष्ठभूमि में यूक्रेन पर रूस का बर्बर हमला है। वक्ताओं ने युद्ध को तत्काल समाप्त कर शांति बहाल करने व यूक्रेन में फंसे भारतीय व अन्य देशों के छात्रों को सुरक्षित घर तक पहुंचाने की केंद्र सरकार से अपील की है। प्रदर्शन में उप्र किसान सभा, अखिल भारतीय किसान महासभा, किसान संग्राम समिति, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन आदि संगठन शामिल रहे। इस दौरान रामू प्रसाद, विरेंद्र कुमार, गुलैचा देवी, बसंत कुमार, शमशुल हक चौधरी, शिव मूरत गुप्ता, सिकंदर, मनन श्रीवास्तव, विद्याधर कुशवाहा, चंद्रशेखर चौहान आदि शामिल रहे।