दोहरीघाट। थाना क्षेत्र के लामी गांव निवासी रामा चौहान (59) बुधवार को प्रात: धान की फसल देखने गए थे। खेत पर पहुंचे धान की फसल गिरी देखकर वे अचेत होकर गिर गए। सूचना पाते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे तब तक उनके प्राण पखेरू उड़ चुके थे। लोगों का कहना था कि बाढ़ और बरसात से किसानों की गाढ़ी कमाई बर्बाद हो गई है। किसानों की सुधि लेने वाला कोई नहीं है। फसल बर्बाद देखकर रामा चौहान सहन न कर सके जिससे उनके प्राण पखेरू उड़ गए। उनकी मौत की खबर सुनते पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया। मृतक के बड़े पुत्र पारस चौहान की पत्नी जिला पंचायत का भी चुनाव लड़ी थीं। इस संबंध में उनके जेष्ठ पुत्र पारस चौहान ने पुलिस को सूचना दी। एसआई मोहम्मद नसीम फारूखी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामा चौहान के चार बेटे पारस चौहान, अशोक चौहान, वासुदेव चौहान, राहुल चौहान पिता की असामयिक मौत पर शोकाकुल हो गए।