चिरैयाकोट। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा भीखमपुर में रविवार की देर रात आजमगढ़-गाजीपुर मुख्यमार्ग के किनारे स्थित एक बंद घर को चोरों ने खंगाला। कीमती सोने व चांदी के आभूषण व 25 हजार रुपये सहित लगभग चार लाख रुपये से अधिक सामानों को लेकर फरार हो गए। मकान मालिक वाराणसी में इलाज कराने गया था।
पास के रिश्तेदार की सूचना पर रविवार को देर रात घर पहुंचे गृहस्वामी मेन गेट का ताला टूटा और घर में रखें जेवरातों, नगदी गायब देख अवाक हो गया। सोमवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी। जानकारी के बाद पुलिस पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच में जुटी रही।
थाना क्षेत्र के ग्राम भगवान चक मिश्रौली गांव निवासी कैलाश नाथ मिश्रा पुत्र स्व. जनार्दन मिश्रा जो पिछले कई वर्षों से अपना निजी मकान बनाकर अकेले ग्राम भीखमपुर में रहते हैं। 13 दिसंबर को उपचार कराने वाराणसी गये थे। इसी बीच बीती रात चोरों घर के मेन गेट का ताला को तोड़कर घर में घुसकर एक लोहे की तिजोरी व बक्सा को तोड़ दिया। उसमें रखें दो हार, दो सोने की सिकड़ी, तीन सोने की अंगूठी, एक सोने की नथिया, एक जोड़ी कान का झाला, दो जोड़ी कंगन, मांगटिका और 25 हजार रुपया नगदी को लेकर फरार हो गये। रिश्तेदार की सूचना पर देर शाम घर पर पहुंचे गृहस्वामी ने गेट व कमरे का दरवाजा टूटा और बक्सा और तिजोरी से 25 हजार रुपया नगदी व आभूषणों को गायब देख अवाक रह गये। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी रही। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध मालूम पड़ता है। पीड़ित से तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।