मझवारा। घोसी ब्लाक क्षेत्र के मूंगमास गांव स्थित हनुमानजी मंदिर के प्रांगण में गोवर्धन पूजा के अवसर पर विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कुश्ती व दंगल के साथ साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
क्षेत्र के मूंगमास स्थित नकटा जयरामगढ मार्ग पर निर्मित हनुमान जी मंदिर के प्रांगण में चार दशकों से गोवर्धन पूजा के अवसर पर विशाल मेले का आयोजन किया जाता है। 26 अक्तूबर को मंदिर परिसर में मेले का आयोजन किया जायेगा।
इसमें कुश्ती व दंगल प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। इसमें जनपद सहित गैर जनपदों से आई हुई टीमें भाग लेंगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के क्रम में नवगठित मेला कमेटी के अध्यक्ष जगत नारायण राय की अध्यक्षता में कमेटी के सदस्यों की एक बैठक हुई। जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में दिन के खेल कूद के कार्यक्रम के बाद रात्रि में भजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन कराने की भी मंजूरी दी गई। बैठक में कमेटी के अध्यक्ष जगत नारायण राय, कमेटी के पूर्व अध्यक्ष शेषनाथ राय, सच्चिदानन्द राय, सुरेश राय, शिवनारायण उर्फ शिवजी राय, पुष्कर राय व सुशील राय सहित मेला कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।