मऊ। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने कोविडकाल मे नवोन्मेष के नाम से एकेडमिक सेशन 2020-21 के लिए पहली एक्सप्रेशन सीरीज शुरू की है। 15 जून को इसकी सूचना जारी की गई है। कालेजों में अध्ययनरत छात्र छात्राएं आवेदन करने के साथ ही तैयारी में जुट गए हैं। कालेज के प्रधानाचार्यो ने इसे छात्र छात्राओं के लिए उपयोगी बताया। जिले में सीबीएसई से संबद्ध 30 कालेज हैं। कोरोना से बचाव के प्रति जागरुक करने के लिए सीबीएसई ने नवोन्मेष के नाम से एकेडमिक सेशन 2020-21 के लिए पहली एक्सप्रेशन सीरीज शुरू की है। इसमें तीसरी से लेकर 12 वीं कक्षा के छात्र भाग ले सकते हैं।सीरीज के लिए छात्र छात्राओं को चार कैटेगिरी में विभाजित किया गया है। पहली कैटेगिरी में कक्षा तीसरी से पांचवीं, दूसरी कैटेगरी में छठवीं से आठवीं, तीसरी कैटेगरी में नौवीं से 10वीं और चौथी कैटेगिरी में सीनियर सेकंडरी क्लास के 11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को रखा गया है। सीरीज के लिए विद्यार्थियों को 15 जुलाई तक संबंधित स्कूल में आवेदन करना होगा। एंट्री निबंध एवं कविताओं के रूप में होनी आवश्यक हैं। अंग्रेजी या हिंदी किसी भी भाषा के माध्यम में अपनी एंट्री दे सकते हैं। स्कूल द्वारा प्रत्येक श्रेणी से सर्वश्रेष्ठ एक प्रविष्टि 16 से 21 जुलाई के बीच सीबीएसई एक्सप्रेशन एप पर अपलोड की जानी आवश्यक है जहां यह बोर्ड के रीजनल ऑफिस द्वारा जांची परखी जाएंगी। लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल के प्रधानाचार्य पीएल जैसी का कहना है कि सीबीएसई एक्सप्रेशन सीरीज में तीसरी से लेकर 12 वीं कक्षा के छात्र भाग ले सकते हैं। चंद्रा पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य केसी पीटर ने बताया कि विद्यार्थियों को 15 जुलाई तक संबंधित स्कूल में आवेदन करना होगा। सीरीज छात्र छात्राओं के काफी उपयोगी साबित होगी।