नगर। आबकारी विभाग की टीम ने सोमवार की शाम को सकलडीहा तहसील क्षेत्र के नेगुरा गांव में कच्ची शराब बनाने की सूचना पर छापेमारी की। जांच पड़ताल मे आबकारी विभाग को 200 लीटर लहन सहित शराब बनाने के अन्य उपकरण मिले। इस पर टीम ने मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी।
वहीं आबकारी विभाग की टीम की छापेमारी की सूचना के बाद कच्ची शराब बनाने वाले लोगों में खलबली मच गई। मामले की जानकारी देते हुए आबकारी निरीक्षक शरद कुमार और दीपक कुमार झा ने संयुक्त रूप से बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि नेगुरा गांव में कच्ची शराब बनाने का कार्य किया जा रहा है। इस पर आबकारी टीम के साथ नेगुरा गांव पहुंचकर छापेमारी की गई।
इस दौरान करीब 200 लीटर लहन सहित अन्य शराब बनाने की सामग्री बरामद की गई। अफसरों ने बताया कि बरामद लहन को नष्ट कर दिया गया है। छापेमारी की सूचना पर आरोपी फरार हो गया है। आरोपी एक झोलाछाप बताया जा रहा है। बताया की उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जायेगा। इसके साथ ही गांव वालों से कच्ची शराब का सेवन न करने की अपील अधिकारियों ने की।
उन्होंने कहा कि कच्ची शराब बहुत ही घातक है। जिम्मेदार नागरिक बने और अपने व परिवार की सुरक्षा के लिए कभी भी कच्ची शराब का सेवन न करें। उन्होंने कहा कि शासन इस तरह से शराब बनाने वालों से सख्ती से निपट रही है। गैंगेस्टर सहित रासुका के तहत ऐसे अपराधियो की संपत्ति कुर्क की जा रही है।