रतनपुरा। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में शाम को चार घंटे की विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जहां गर्मी और उमस से लोगों को एक-एक पल बिताना भारी पड़ रहा है। वहीं कृषि कार्य पर विपरीत असर पड़ रहा है। रतनपुरा विद्युत उपकेंद्र से स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न इलाकों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। हलधरपु़र स्थित 132 विद्युत उपकेंद्र का ट्रांसफॉर्मर जल जाने के बाद नया ट्रांसफॉर्मर तो लग गया है, लेकिन उसका तकनीकी रूप से संचालन नहीं हो सका है। विद्युत उपकेंद्र से शाम छह बजे से रात 9.15 बजे तक बिजली कटौती होने से छात्र और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में उद्योग व्यापार मंडल के दुर्गा प्रसाद जायसवाल, जयनाथ प्रसाद, श्रीनाथ शर्मा का कहना है कि शाम के समय ही बिजली कटौती से कारोबार पर विपरीत असर पड़ रहा है। विद्युत निगम के आला अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन भरपूर बिजली नहीं मिल पा रही है। इस बाबत अवर अभियंता रविचंद्र का कहना है कि हलधरपुर विद्युत उपकेंद्र में लगे नए ट्रांसफार्मर में तकनीकी समस्या आ रही है। इसके चलते बिजली कटौती हो रही है। शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति में सुधार हो जाएगा।