नगर पंचायत कोपागंज के विस्तारीकरण में वार्ड नंबर-3 काछीकला को शामिल करने के छह वर्ष बाद भी यहां विकास नहीं पहुंचा है।वार्ड की पहचान आज भी भरी नालियों, कीचड़ से भरे रास्तों और बरसात में जलभराव से हो रही है। वहीं पेयजल आपूर्ति के लिए दो वर्ष पहले कराई गई नलकूप की बोरिंग भी अब तक शुरू नहीं हो सकी है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। रविवार को वार्ड के लोग अपनी समस्याओं को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष से मिले और वर्षों से लंबित विकास कार्यों की शिकायत की। नगर पंचायत चेयरमैन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जगह-जगह टूटी सड़कें, गंदगी से भरी नालियां और जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था देखने को मिली। 19 दिसंबर 2019 को नगर पंचायत कोपागंज के विस्तारीकरण के दौरान कोपा कोहना, हिकमा, काछीकला, राजपुरा, भदसा, मानोपुर और लाड़नपुर समेत आसपास के गांवों को नगर पंचायत में शामिल किया गया तो लोगों में विकास की उम्मीद जगी, लेकिन छह वर्ष बीतने के बाद भी वार्ड नंबर-3 में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। बरसात में जलभराव और जर्जर रास्तों के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है, जबकि पेयजल योजना भी शुरू नहीं हो सकी है। इस संबंध में जनार्दन चौहान, वीरेंद्र सोनकर, प्रदीप सोनकर, मनीष चौहान, राकेश यादव, बेचू चौहान, कन्हैया लाल चौहान, बबलू चौहान, राकेश राजभर, राहुल राजभर का कहना है कि वार्ड को नगर पंचायत में शामिल करने के छह वर्ष बाद भी सुविधाएं बहाल नहीं की जा सकी है। इस बाबत नगर पंचायत चेयरमैन अमीना सिद्दीकी का कहना है कि वार्ड नंबर-3 काछीकला की समस्याओं का मौके पर निरीक्षण किया गया है। नाली, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाएगा।