मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य की चल रही तैयारी सोमवार को पूरी हो गई। मंगलवार से छह मूल्यांकन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में उत्तर पुस्तिकाएं जांची जाएगी। मूल्यांकन कार्य से पूर्व नगरपालिका, नगर पंचायत की ओर से मूल्यांकन केंद्रों को सैनिटाइज किया गया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग रखी जाएगी और परीक्षक मास्क तथा ग्लव्स लगाकर कापियां जांचेंगे। सभी मूल्यांकन केंद्रों पर सेनेटाइजर की व्यवस्था होगी। यूपी बोर्ड उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य के लिए नगर स्थित डीएवी इंटर कालेज, तालीमुद्दीन इंटर कालेज, नोमानी इंटर कालेज, मुस्लिम इंटर कालेज, जीवन राम इंटर कालेज तथा शहीद इंटर कालेज मधुबन को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। मूल्यांकन कार्य शुरू होने से पूर्व सभी मूल्यांकन केंद्रों को सैनिटाइज कराया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रुम बनाया गया है। वहां से सभी मूल्यांकन केंद्रों पर हो रही प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर बोर्ड से 520834 उत्तर पुस्तिकाओं के सापेक्ष 50035 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य किया जा सका है। बोर्ड के नए निर्देश के तहत पांच मई से शुरू होकर 25 मई तक चलेगा। ऐसे में समय से परीक्षा परिणाम आने की संभावना जताई जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मूल्यांकन कार्य पांच मई से शुरू होगा। परीक्षक सोशल डिस्टेंसिंग के तहत मास्क लगाकर मूल्यांकन कार्य करेंगे। बोर्ड द्वारा निर्गत नियुक्ति पत्र के साथ विद्यालय द्वारा जारी परिचय पत्र ही पास के रुप में मान्य होगा।