मऊ। जिले के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के नामांकन की प्रक्रिया को लक्ष्य के मुताबिक पूरा नहीं किया जा सका है। 1.90 लाख बच्चों के मिले लक्ष्य के मुकाबले अब तक 185093 बच्चों का ही नामांकन हो सका। जबकि लक्ष्य पूरा करने के लिए डोर टू डोर अभियान चलाया गया था। विद्यालय तो बंद चल रहे हैं, लेकिन शिक्षक सहित विभागीय अधिकारी नामांकन लक्ष्य को पूरा करने के लिए जोर लगा रहे हैं। जिले में 1208 परिषदीय विद्यालय हैं। इन विद्यालयों में नए बच्चों के नामांकन के लिए जिले में 30 अप्रैल तक स्कूल चलो अभियान शुरू किया गया था। शिक्षक गांव-गांव जागरूकता रैली निकाल कर अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों का नामांकन करने के लिए पसीना बहाए। शासन से जारी आंकड़ों के आधार पर 185093 बच्चों का नामांकन हो सका। जबकि शासन से लक्ष्य 1.90 लाख बच्चों का निर्धारित किया गया है। अधिकारियों की मानें तो विद्यालय बंद चल रहा है। लेकिन सभी शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों, खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालय प्रबंध समिति सहित अभिभावकों से आनलाइन संपर्क कर नामांकन बढ़ाने का प्रयास करने का फरमान जारी किया है। 16 जून से बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए भी शिक्षकों की टोली जगह जगह छापामारी करेगी। इस बाबत जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता अमित श्रीवास्तव का कहना था कि खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों को लक्ष्य पूरा करने के लिए पत्र जारी किया गया है। हर हाल में लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।