नगर के टीसीआई मोड़ से अतिक्रमण हटाता प्रशासन की जेसीबी।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। शहर की सरकारी जमीनों पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। सिटी मजिस्ट्रेट त्रिभुवन के नेतृत्व में मंगलवार को अतिक्रमण पर बुलडोजर गरजना शुरू हुआ और कार्रवाई शाम तक चलती रही। इस दौरान शहर कोतवाली क्षेत्र के संस्कृत पाठशाला के सामने सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटवाया गया। कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति रही। शहर में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण को हटवाने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट त्रिभुवन एवं सीओ सिटी धनंजय मिश्र के नेतृत्व में दोपहर को प्रशासनिक टीम संस्कृत पाठशाला पहुंची। यहां सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटवाया। सिटी मजिस्ट्रेट त्रिभुवन ने कहा कि अतिक्रमण करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिया कि आचार संहिता समाप्त होने के उपरांत उक्त सरकारी भूमि पर पार्क का निर्माण कराया जाए। यात्रियों के बैठने के लिए कुर्सियां, पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था की जाए। शहर कोतवाल को अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करने का निर्देश दिया। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका उपस्थित रहे।