मऊ/मधुबन। कृषि विज्ञान केंद्र, पिलखी में वृहस्पतिवार को किसान गोष्ठी एवं कृषि प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में 650 किसानों ने भाग लिया। गोष्ठी में वैज्ञानिकों ने किसानों को अच्छी उपज के लिए वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने पर बल दिया। कृषि वैज्ञानिक श्रीलाल पंकज सिंह ने कहा कि बुवाई से पहले बीजों का उपचार जरूर करें। जिसमें पांच किलोग्राम बीज को 12 ग्राम बापस्टीन तथा एक ग्राम स्ट्रेप्टोसाईक्लिन को 10 लीटर पानी में भिगोकर छाया में अच्छी तरह अंकुरित करके नर्सरी डालें तथा नर्सरी डालने से पूर्व ही धान के बीज को दो प्रतिशत नमक के घोल में डुबोकर पइया धान या कमजोर बीज को छान कर बाहर फेंक दें तो नर्सरी के पौधे स्वस्थ एवं अच्छे होंगे। इस दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी देवी प्रसाद विश्वकर्मा, डॉ एचआर सोनी, मुन्नीलाल, सुशील गिरी, विपिन शर्मा, विनोद कुमार, रमेश, राज कुमारी, चांदमति, पानमती, धर्मावती आदि रहे।