घोसी। जनपद की जिला सहकारी बैंक की दो शाखाओं के 55 खातों से 20 लाख रुपये के गबन मामले में सोमवार को दो पर केस दर्ज किया गया।सोमवार का उपमहाप्रबंधक ने थाने में तहरीर दी। इस मामले में पहले भी दो कर्मचारियों का निलंबन हो चुका है। जिला सहकारी बैंक के उपमहाप्रबंधक मनोज कुमार की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक जिला सहकारी बैंक लिमिटेड घोसी एवं मुहम्मदाबाद गोहना की शाखा में ऋण खातों एवं खाता धारकों के खाते से गबन का मामला सामने में आया है, इस मामले की जांच की गई। शाखा घोसी की जांच रिपोर्ट में पाया गया कि 38 खातों से अंकन 1484788 रुपये एवं मुहम्मदाबाद गोहना शाखा की जांच रिपोर्ट के मुताबिक 17 खातों से 494364 रुपये सहित दोनों शाखाओं के 55 खातों से 1979152 का गबन कर लिया गया है। बैंकिंग नियमों का अनुपालन न करते हुए कूटरचित दस्तावेज तैयार कर गबन किया गया है। खातों में गबन मामले में दोषी पाए गए कर्मचारी रामाशंकर यादव एवं सुमन देवी को निलंबित किया जा चुका है। इस संबंध में सोमवार की रात्रि में उपमहाप्रबंधक मनोज कुमार की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।