जौनपुर। शाहगंज के सुइथाकला की जनता बिजली से जुड़ी समस्याओं से लंबे समय से जूझ रही है। इसके चलते जनता को लो वोल्टेज व बिजली की अघोषित कटौती की समस्या को देखते हुए सारी जहांगीरपट्टी में विद्युत उपकेंद्र बनाया जाएगा। इसको लेकर शाहगंज विधायक द्वारा प्रस्ताव भेजा गया है। विधायक रमेश सिंह ने फरवरी 2025 में तहसील क्षेत्र के सारी जहांगीरपट्टी में 33/11 केवीए क्षमता के विद्युत उपकेंद्र बनने के लिए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को प्रस्ताव भेजा है। इस उपकेंद्र से करीब 40 गांव की आबादी को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी। इससे लगभग 15 हजार उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। विधायक ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के सुइथाकला विद्युत उपकेंद्र से चलने वाले फीडर डेहरी व अरसिया पर क्रमशः 330 व 280 एंपीयर का लोड रहता है। क्षेत्र की जनता ओवरलोडिंग, शटडाउन व ब्रेकडाउन की समस्या झेल रही है। इससे सारी जहांगीरपट्टी, जैनपुर, भवानीपुर, हसनपुर, सड़हरा, कुशिया बहार, रामनगर कटघर, बड़ौना सहित लगभग 40 गांवों को बिजली मिलेगी।