मऊ / मुहम्मदाबादगोहना। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में मंगलवार की रात तेज आंधी के साथ कहीं बूंदाबांदी तो कहीं झमाझम बारिश हुई। इससे कई इलाकों में पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बाधित रही। आम की फसलों को नुकसान पहुंचा है। बुधवार को लोगो को भीषण गर्मी और उमस से थोड़ी राहत जरूर मिली है।
मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र में मंगलवार की रात आई आंधी और बरसात के चलते मुहम्मदाबादगोहना कस्बा और आसपास के इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई बिजली पोल टूट जाने से कस्बा के आधे इलाके में पूरी रात बिजली गायब रही। लगभग 16 घंटे बाद बुधवार को दोपहर एक बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। यही हाल खैराबाद, करहां आदि क्षेत्रों में भी रहा। तहसील क्षेत्र के गालिबपुर, उतरेजपुर सोहराबपुर आदि गांव में पेड़ों पर लगे आम को काफी नुकसान हुआ है। पकने के लिए लगभग तैयार हो चुके आम टूटकर गिर गए। हालांकि बरसात होने से लोगो को भीषण गर्मी और उमस से थोड़ी राहत जरूर मिली है और किसानों के को धान रोपाई लिए खेत तैयार करने में काफी मदद मिलेगी। मंगलवार की रात भारी आंधी और बरसात के चलते बिजली क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में काफी रुकावट आई है मुहम्मदबाद गोहना कस्बा में आपूर्ति के लिए बरईपुर में लगाया गया लोहे का पोल टूट कर गिर गया जिससे कस्बा के आधे इलाके की आपूर्ति बंद हो गई। पूरी रात उमस और गर्मी की समस्या से दो-चार होना पड़ा। यही हाल बुनकर बाहुल्य गांव खैराबाद में रहा। यहां की बिजली तार पर पेड़ टूट कर गिर जाने से आपूर्ति पूरी रात बंद रही। एसडीओ नीरज कुमार की देखरेख में कर्मियों ने पेट्रोलिंग कर तार पर गिरे पेड़ को काटकर सुबह पांच बजे आपूर्ति बहाल किया मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा के रोडवेज, तहसील, गांधीनगर रेलवे स्टेशन, खंड विकास परिसर, पशु अस्पताल सहित अन्य इलाके की बिजली पूरी रात गुल रही। यहां आपूर्ति वाले फीडर का एक पोल टूट कर गिर गया जिसे 16 घंटे बाद ठीक किया जा सका। 16 घंटे बिजली न मिलने से लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। करहां, वलीदपुर, कोइरियापार, खुरहट आदि क्षेत्रों में भी कई जगह पेड़ गिरने की खबर मिली है । करहा स्थित बिजली उपकेंद्र के उत्तरी फीडर में खराबी आने से इस क्षेत्र के दर्जनों गांवों में भी बिजली आपूर्ति बंद रही। एक तरफ लोगों को पेयजल की दिक्कत हुई तो दूसरी तरफ एक घंटा हुई बरसात के कारण किसानों को धान के लिए खेत तैयार करने का अवसर मिल गया।