कोपागंज। 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र सेमरी से डांडी विद्युत उपकेंद्र तक 33 हजार केवी का वायर सर्किट बिछाए जाने के तीन वर्ष बाद भी बेकार है। मेनलाइन जर्जर हो जाने के चलते आए दिन फाल्ट होने से घंटों बिजली गुल हो रही है। शिकायत के बाद भी आला अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। कस्बा सहित ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति टड़ियांव तथा डांड़ी विद्युत उपकेंद्र से की जाती है। 132 विद्युत उपकेंद्र सेमरी से टड़ियांव तक 33 हजार की सर्किट लाइन जर्जर हाल में है। इसके चलते 50 गांवों में विद्युत आपूर्ति चरमरा गई है। समस्या निदान के लिए विभाग ने सेमरी 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र से डाड़ी विद्युत उपकेंद्र के लिए एक अलग 33 हजार केवी का वायर सर्किट बिछाया, लेकिन आज तक इसका उद्घाटन नहीं हो पाया। हालत यह है कि पुरानी 33 हजार वायर सर्किट के टूटने से घंटों बिजली गुल हो रही है। आला अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उप खंड अधिकारी राजेश प्रसाद ने बताया कि अवर अभियंता से रिपोर्ट मांगी जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।