इंदारा। चरमरा गई विद्युत आपूर्ति व्यवस्था ने आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बार-बार की अघोषित कटौती व लो वोल्टेज की समस्या इस भीषण गर्मी में जी का जंजाल बनी है। शिकायतों के बावजूद विद्युत विभाग व्यवस्था में सुधार नहीं कर पा रहा है। रमजान में महज चार से पांच घंटे ही बिजली मिल पा रही है। जबकि लो वोल्टेज से रोजेदार परेशान हो रहे। पिछले करीब एक पखवाड़े से यह स्थिति बरकरार है। सेमरी जमालपुर विद्युत उपकेंद्र से अदरी कसबा सहित 150 गांवों को विद्युत आपूर्ति होती है। इस उपकेंद्र पर कुल पांच फीडर हैं। पिछले करीब एक पखवाड़े से इंदारा फीडर पर अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। कटौती से आम उपभोक्ता के साथ ही किसान भी परेशान हैं। मनमानी का आलम यह है कि शाम को प्रतिदिन पांच से सात बार की कटौती हो रही है। जबकि इस समय बिजली की जरूरत होती है। उपभोक्ताओं ने कहा कि वोल्टेज इतना लो रहता है कि घरों में लगे बल्ब, पंखे, कूलर, पानी के मोटर चल नहीं पाते। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों और महिलाओं को हो रही है। बताया कि रमजान का महीना होने से मुस्लिम बहुल क्षेत्र करीमाबाद, अदरी, अलीनगर, शाहपुर, खालिसपुर के गांवों के रोजेदारों को इफ्तार के समय मोमबत्ती जलाना पड़ रहा है। क्षेत्र में इन दिनों दिन में एक घंटा और रात में चार पांच घंटा ही बिजली मिल पा रही है। उपभोक्ता अवध बिहारी तिवारी, जितेंद्र गुप्ता, रामकेवल वर्मा, संजय सिंह, वकील अहमद, मुकुंद कुमार, अभिषेक, अशोक शर्मा ने विभागीय अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है। अवर अभियंता अश्वनी चौहान ने बताया कि गर्मी के वजह से लोड़ बढ़ जाने से ऐसी समस्या उत्पन्न हो रही है।