घोसी। घोसी में लगाए जा रहे सौर ऊर्जा के पोल को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों और सौर ऊर्जा पोल लगाने वाले ठेकेदारों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। बिजली निगम ने सोलर पोल लगाने का किया विरोध करते हुए इसे अवैध बताया है। अधिशासी अभियंता बिजली निगम एके सेठ ने एसडीएम आनंद कन्नौजिया को पत्र भेजकर सोलर पोल लगाने वाले ठेकेदारों की ओर से कराये जा रहे काम को बंद कराने की मांग की है। इसके पूर्व दो मई को अवर अभियंता अजय कुमार त्रिवेदी ने भी घोसी कोतवाली पुलिस को पत्र सौंपकर कार्य रोकवाने का मांग की थी। इस पर सोलर पोल लगाने का काम कुछ दिन रुका था लेकिन कुछ दिन बाद ठेकेदारों ने फिर से काम शुरू कर दिया। लगभग 30 पोल लगाते हुए उस पर तार भी खींचकर जोड़ दिये हैं। पत्र मिलने के बाद एसडीएम आनंद कन्नौजिया ने उचित कार्यवाई का आश्वासन दिया है। उपजिलाधिकारी को सौंपे पत्र में अधिशाषी अभियंता एके सेठ ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार अवैध पोल लगा रहे हैं। संबंधित ठेकेदार ने बिजली निगम से अनुमोदन या स्वीकृति पत्र नहीं लिया है। यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो संबंधित ठीकेदार ही जिम्मेदार होंगे। इसके पहले भी दो जनवरी 2024 को दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। इसलिए इस कार्य को तुरंत रुकवाने की जरूरत है। उपजिलाधिकारी आनंद कन्नौजिया ने संबंधित ठेकेदार को तत्काल काम रोक कर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करने को कहा है।