रानीपुर। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र से संबद्ध गांवों के लोगों को लो-वोल्टेज और विद्युत ट्रिपिंग की समस्या से जल्द छुटकारा मिल जाएगा। अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगने से लोगों को भरपूर बिजली मिलने लगेगी। यहां पांच एमवीए के मुकाबले आठ एमवीए ट्रांसफार्मर लगाने की तैयारी पूरी हो गई है।
रानीपुर विद्युत उपकेंद्र में दो-दो पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। यहां चार फीडरों से 50 से अधिक गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। पूर्वी उत्तरी फीडर पर अधिक लोड होने के चलते लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग के साथ ही ब्रेकडाउन और लाइनों में गड़बड़ी की समस्या बड़े पैमाने पर हो रही थी। घंटों बिजली गुल हो जाने से लोगों को एक-एक पल बिताना भारी पड़ रहा था। वहीं कृषि कार्य पर विपरीत असर पड़ रहा था। समस्या का समाधान न होने से नाराज ग्रामीणों ने कई बार प्रदर्शन भी किया था। बिजली समस्या को गंभीरता से लेेते हुए शासन के फरमान पर विभाग की तरफ से पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर विद्युत उपकेंद्र भेज दिया गया है। बिजली विभाग की तरफ से ट्रांसफार्मर लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नया ट्रांसफार्मर लगने से क्षेत्र के रानीपुर, पलिया, दसबारी, उमती, भुसुआ, सादीपुरा, ताहिरपुर, खीरखाड़, बकरी, दौलसेपुर, करपिया सहित 30 गांवों के लोगों को भरपूर बिजली लगेगी। इस बाबत विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता छोटेलाल का कहना है कि उत्तरी पूर्वी फीडर के पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर की जगह आठ एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान हो जाएगा।