हलधरपुर थाना क्षेत्र के गुलौरी धर्मागतपुर गांधी आश्रम के सामने टक्कर के अस्पताल पहुंचे घायलों क
- फोटो : MAU
रतनपुरा। हलधरपुर थाना क्षेत्र के गुलौरी धर्मागतपुर गांधी आश्रम के पास शुक्रवार की शाम दो बसों में भीषण भिड़त की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन सकते में आ गया। चार के मरने तथा काफी संख्या में लोगों के घायल होने की जानकारी मिलते ही आठ एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों में कुछ को उपचार के लिए रतनपुरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सीएमओ डा. श्यामनारायण दुबे रतनपुरा पहुंच गए। हादसे में घायल बलिया जनपद के कंसो पटना निवासी पूजा सिंह (25), रसड़ा के कटियारी निवासी लल्लन चौहान (40),पटना थाना रसड़ा निवासी पवन कुमार सिंह (20), रसड़ा के संवरा निवासी श्याम देवराम (40) को रतनपुरा सीएचसी और कुछ को जिला अस्पताल ले जाया गया है। एंबुलेंस सेवा प्रदाता कंपनी के प्रोग्राम मैनेजर विजित श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना पर रतनपुरा सीएचसी के चारों एंबुलेंस के अलावा जिला अस्पताल से चार, पहसा से दो जबकि घोसी सीएचसी से दो एंबुलेंस को घटनास्थल पर रवाना किया गया। हालांकि चुनाव ड्यूटी में एक साथ जाने वाली सैकड़ों बसों के रेला लगने के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचने में काफी समय लगा। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक सुशील घुले जिला अस्पताल पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। हादसे में मरने वालों में शामिल राजू तिवारी सिलीगुड़ी में दवा कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।