मऊ। दक्षिणटोला के भूपतनगर में मंगलवार की देर शाम आपसी विवाद को लेकर चाकू मारकर अंडा विक्रेता सत्येंद्र गुप्ता की हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। रैनी गांव निवासी 25 वर्षीय सत्येंद्र गुप्ता देर शाम काम समाप्त कर अपने घर वापस जा रहा था। इसी बीच भूपत नगर के पास वह एक दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए वह रुका। वहीं पर पहले से बैठे युवकों से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। तभी एक युवक ने अपनी बाइक की डिकी में रखा चाकू निकाल लिया। अभी सत्येंद्र कुछ समझ पाता कि उक्त युवक ने उस पर हमला कर दिया। सत्येंद्र वहीं गिर पड़ा। हादसा होते ही वहां अफरातफरी मच गई। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अनिल चंद्र त्रिपाठी पुलिस कर्मियोें के साथ पहुंचे। उन्होंने घायल को आनन फानन में एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजन बिलख पड़े। उधर, घटना की जानकारी पाकर पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे भी मौके पर मौके पर पहुंचे और परिजनों तथा गांव वालों से घटना की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सत्येंद्र गुप्ता पर चाकू से हमला किसी बात पर हुई कहासुनी के बाद रैनी गांव निवासी अशोक यादव ने किया है। उसकी तलाश के लिए पुलिस लगा दी गई हैं। जबकि थानाध्यक्ष अनिल चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।