रानीपुर। बिनोदपुर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर शनिवार दोपहर पुलिस ने मवेशियों से भरा ट्रक जब्त किया। बताया जा रहा है कि ट्रक में खराबी आने पर ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को थाने लाकर मवेशियों को बाहर निकाला। ट्रक में छोटे-बड़े 20 मवेशी लदे थे। ट्रक के नंबर के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर लखनऊ से बिहार जाते समय ट्रक में खराबी आ गई। ट्रक रूक गई। सुबह नौ बजे गश्त करते पहुंची यूपीडा की टीम ट्रक को देखकर रुकी। काफी देर तक वहां कोई नहीं आया तो यूपीडा की टीम ने रानीपुर थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्वाट टीम ट्रक को कब्जे में लेकर थाने ले आई। इस संबंध में रानीपुर थाना प्रभारी कल्पना मिश्रा ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर लावारिस ट्रक मिली। तलाशी में भारी संख्या में मवेशी मिले। मामले की जांच हो रही है। ट्रक के नंबर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।