मऊ। जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक शनिवार को बुनकर कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। इसमें सभी चारों विधानसभाओं में महंगाई के खिलाफ राज्यव्यापी प्रतिज्ञा पदयात्रा का आयोजन 14 नवंबर से 24 नवंबर तक किए जाने को लेकर रणनीति बनाई गई। इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं मऊ प्रभारी डॉ. जनक कुशवाहा ने कहा कि भाजपा भगाओ महंगाई हटाओ को लेकर जनपद में लगभग 400 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। यात्रा के माध्यम से ही भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंक देंगे और महंगाई पर नकेल कसते हुए जनता को राहत देंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इंतखाब आलम ने कहा कि जनपद में चलाई जा रही राज्यव्यापी प्रतिज्ञा यात्रा लगभग 200 गांव से होकर गुजरेगी। शहर अध्यक्ष विष्णु कुशवाहा ने कहा कि यह यात्रा शहर के कई वार्डो से होकर गुजरेगी। इस दौरान पूर्व विधायक अमरेश चंद्र पांडेय, नसीम अहमद खां, पूर्व जिलाध्यक्ष राष्ट्र कुंवर सिंह, अवनीश कुमार सिंह, घनश्याम सहाय, माधवेंद्र बहादुर सिंह, मधुसूधन त्रिपाठी, अनिल जयसवाल आदि शामिल रहे।