वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव में बृहस्पतिवार को एक विवाहिता ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर जान दे दिया था। इस मामले में विवाहिता के पिता की तहरीर पर पति समेत चार के खिलाफ बृहस्पतिवार देर रात दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव निवासी वकील माली की पत्नी रीता माली (25) ने घर में ही गले में फांसी लगाकर जान दे दिया था। सूचना पाकर मौके पर मौके पर पहुंचे लड़की के पिता दीनानाथ माली निवासी शंकरपुर थाना महाराजगंज जिला आजमगढ़ ने देर रात कोतवाली में पुलिस को तहरीर देकर पति वकील माली, ससुर देवनारायण माली, सास ज्ञानती देवी और देवर अजय माली के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर देर रात ही चारों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। इस बाबत सीओ डॉक्टर अजय विक्रम सिंह ने बताया कि विवाहिता के पिता राज नारायण माली के तहरीर पर चारों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।