घोसी/चिरैयाकोट। दो थाना क्षेत्रों में अलग-अलग दी गई तहरीर पर पुलिस ने दो पतियों समेत नौ ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। घोसी : पुलिस ने पिउवाताल गांव निवासी शिवचंद की पुत्री वंदना की तहरीर पर पति सहित छ: ससुराल वालों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न एवं साजिश के तहत पति की दूसरी शादी कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर किया है। वंदना का विवाह 11 जून 2008 को दोहरीघाट थाने क्षेत्र के उसरी खुर्द गांव निवासी रणविजय कुमार से हुआ था। शादी के बाद से ही ससुरालीजन कम दहेज देने का ताना मारते, प्रताड़ित करते और मारते पीटते रहते थे। वंदना का पति किसी लड़की से लगातार फोन पर बातें करता था। वंदना जब विरोध करती तो उसका पति उसे प्रताड़ित करता था। इस बीच भटमिला निवासिनी अनीता देवी ने कूट रचित तरीके से दूसरी शादी कर ली। एक अप्रैल को वंदना घर पर अकेली थी तो उसके पति की दूसरी पत्नी की माँ कौशल्या, भाई शशिकांत एवं बबलू ने उसे मारापीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। चिरैयाकोट : सरायलखंसी पुलिस ने हरपुर गांव निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर उसकी पुत्री के पति और सास और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। गांव निवासी उमेश चौहान ने तहरीर में बताया है कि उसकी पुत्री संजू चौहान की शादी 18 अप्रैल 2018 को चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के अमिरहा गांव निवासी सिकंदर चौहान से हुई थी। आरोप है कि ससुराल वाले 50,000 रुपये के लिए उसका पति सिकंदर, सास सुभावती, ससुर हरिबचन प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि तीन मई को संजू को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। जिस पर उसके पिता ने ससुरालियों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी।