कोपागंज। बफर जोन में नियम को ताक पर रखकर अस्पताल संचालित करने वाली महिला चिकित्सक के विरुद्ध बुधवार को अपर सीएमओ ने कोपागंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया। बीते एक मई को प्रशासन ने अस्पताल को सीज करने की कारवाई की थी। दर्ज मुकदमे में अपर सीएमओ डॉ. अमर सिंह ने बताया कि कोपागंज थाना के कसारा मोड़ पर न्यू जीवन धारा अस्पताल संचालित होता है।आरोप लगाया कि अस्पताल की संचालित डॉ. मीना बफर जोन क्षेत्र में अस्पताल होने के बाद नियम को ताक पर रखकर अस्पताल को खोलकर प्रसव कराने के लिए महिला मरीजों को भर्ती कर रही थी। जिसकी शिकायत पर मिलने पर बीते एक मई को एसडीएम सदर अतुल वत्स तथा वो खुद अस्पताल पहुंचे,जहां उन्हें न केवल अस्पताल खुला होना मिला, बल्कि वहां दो महिला मरीज भी मिली। जिन्हें महिला जिला अस्पताल में शफ्ट कर दिया गया। आरोप लगाया कि महिला चिकित्सक की डिग्री बीएमएस है जबकि उनके द्वारा गायनी का कार्य किया जा रहा था। जिस पर अस्पताल सीज करने के बाद बुधवार को महिला चिकित्सक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की कारवाई की गई।