मऊ। कलेक्ट्रेट सभागार में मुहर्रम को लेकर सोमवार को शांति समिति की बैठक हुई। इसमें शांति समिति के सदस्यों ने परेशानियों को गिनाया। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुहर्रम के मद्देनजर जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक के दौरान शांति समिति के लोगों ने कहा कि ईदगाह के सामने अतिक्रमण, घोसी में समपार फाटक पर बैरिकेडिंग के कारण जुलूस निकलने के रास्ते में बदलाव, वलीदपुर में बिजली के जर्जर एवं नीचे तार से दिक्कत है। बारिश की वजह से सड़कों पर सफाई, सदर चौक से संस्कृत पाठशाला तक विद्युत के जर्जर तार, पठान टोला में खुले नालों पर पटिया नहीं लगने से जुलूस के दौरान दिक्कत हो सकती है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उठाए गई समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिया। उन्होंने विद्युत विभाग को अपनी सक्रियता बढ़ाने तथा जो भी कमियां हैं, उन्हें तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। प्रायः हर बैठक में विद्युत व्यवस्था को लेकर समस्याएं उठाई जाती हैं। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए किसी भी नई परंपरा को शुरू करने से मना किया। घोसी में समपार फाटक पर बैरिकेडिंग के कारण जुलूस के रास्ते में बदलाव के कारण कुछ सदस्यों की ओर से आपत्ति करने के मामले में जिलाधिकारी ने समस्त पक्षकारों से सहयोग करते हुए समाधान निकालने की अपील की। शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने जुलूस के दौरान किसी भी तरह के प्रतिबंधित अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन न करने की चेतावनी दी। उन्होंने मोहर्रम के दौरान जुलूस को समय से प्रारंभ एवं समाप्त करने को भी कहा जिससे सारी प्रक्रिया समय से पूर्ण हो सके। जिलाधिकारी ने उपस्थित सदस्यों से निर्धारित मानक से अधिक साइज के ताजिया के साथ जुलूस निकालने से बचने की भी अपील की, जिससे किसी भी प्रकार की समस्या ना उत्पन्न हो।
पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने कहा कि परंपरा का उल्लंघन होने पर पुलिस एवं आयोजक दोनों की जिम्मेदारी तय होगी। श्रावण मास के दौरान मंदिरों एवं ताजिया जुलूस के दौरान रास्तों में महिलाओं की सुरक्षा के विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार अत्री, अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट नीतीश कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार आदि शामिल रहे।