विधानसभा चुनाव में मतदान के दौरान बूथों के निरीक्षण के दौरान वोटर आईडी चेक करते जिलाधिकारी अरूण ?
- फोटो : MAU
मऊ। जिले में हो रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन की सक्रियता लगातार बनी रही। सोमवार को जिलाधिकारी अरुण कुमार पूर्वाह्न से कलेक्ट्रेट सभागार में स्थित कंट्रोल रूम, वेबकास्टिंग व्यवस्था एवं जीपीएस लोकेशन की व्यवस्था का स्वयं की निगरानी में मतदान प्रारंभ होने के पूर्व तक निरीक्षण करते रहे। मतदान से संबंधित सभी शिकायतों का तत्काल निस्तारण करवाते रहे। जिससे जनपद में समय से मतदान प्रक्रिया सभी बूथों पर प्रांरभ हो सकी। मतदान प्रारंभ होने के उपरांत जिलाधिकारी अरुण कुमार ने पुलिस अधीक्षक सुशील घुले के साथ जनपद के आदर्श, दिव्यांग एवं सखी बूथो के अलावा लगभग 200 से ज्यादा बूथों पर हो रही मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कई मतदाताओं के परिचय पत्रों की भी जांच की। बूथों के अंदर चुनाव ड्यूटी में लगे कुछ कर्मियों के भी पहचान पत्र की जांच जिलाधिकारी ने की। जिलाधिकारी ने सभी मतदानकर्मियों को निर्देशित किया कि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल सेक्टर मजिस्ट्रेट को अवगत कराएं। वहां पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 100 मीटर के दायरे के अंदर किसी भी प्रकार के वाहन की आवाजाही एवं बिना पहचान पत्र के लोग दिखाई दें, तो उन्हें तत्काल वहां से हटा दें। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अजय गौतम उपस्थित रहे।