मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बुधवार को जिले के हथिनी बांध पर हो रहे सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां हो रहे कार्यों का अधिशासी अभियंता सिंचाई से जानकारी ली। तत्काल बोल्डर लगाने का काम भी शुरू करने का निर्देश दिया। बांध को ऊंचा करने के लिए लाई जा रही मिट्टी के बारे में भी उन्होंने संबंधित ठेकेदार से जानकारी ली। तहसीलदार सदर को निर्देश दिया कि इस बात की जांच करें कि कहीं सरकारी जमीन से तो मिट्टी नहीं उठाई जा रही है। अगर किसानों के खेतों से मिट्टी उठायी जा रही है तो उससे इसकी सहमति ली है अथवा नही, इसकी भी जांच करें। यथाशीघ्र कार्यों में तेजी लाकर बाढ़ आने से पूर्व सभी संबंधित तैयारियां पूरी करने को कहा। इस दौरान अधिशासी अभियंता सिंचाई के अलावा तहसीलदार सदर संजीव कुमार, एवं अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।