दोहरीघाट में बाढ़ से बचाव के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लेते जिलाधिकारी अरूण कुमार।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने सरयू नदी के दाहिने तट पर स्थित बीबीपुर बेलौली बांध पर बाढ़ कटान कार्यों का किया निरीक्षण किया। इस दौरान सुदृढ़ीकरण कार्य बंद मिलने पर डीएम नाराज हुए। उन्होंने इसके अलावा अन्य परियोजनाओं का भी निरीक्षण कर कार्य समय पर पूरा किए जाने के निर्देश दिए। दोहरीघाट मुक्तिधाम के किनारे लगभग 600 मीटर दूरी के स्टोन बोल्डर, टीथ कटर एवं आरसीसी परक्यूपान कटर के निर्माण का कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी ने इस कार्य की प्रगति का भी निरीक्षण किया। यह परियोजना 8 करोड़ 33 लाख की है। परियोजना कार्य को जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को मई के अंत तक अवश्य पूरा कर लेने के निर्देश दिया। बीबीपुर बेलौली बांध पर पांच किलोमीटर से भी ज्यादा दूरी के सुदृढ़ीकरण का कार्य चल रहा है। मौके पर काम बंद होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि कार्य जल्द पूरा कराएं। तहसीलदार को निर्देश दिए कि सम्बंधित ठेकेदार को बुलाकर काम का आकलन करें। यह भी जांच करें कि जो भी कार्य किए गए हैं वह मानक के अनुरूप हैं या नहीं, इसकी रिपोर्ट दें। उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि सारे कार्य जुलाई तक पूर्ण कर लें जिससे बाढ़ की स्थिति से लोगों के जानमाल के नुकसान होने की संभावना न रहे। कार्यों की गुणवत्ता की भी निरंतर जांच करते रहें, अगर कही से लापरवाही मिलती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।