कलेक्ट्रेट सभागार में शांति कमेटी की बैठक को संबोधित करते जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव। साथ में मौजूद एसपी शिवहरि मीणा।
होली के त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सोमवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के सभी डीजे संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बिना अनुमति के कोई भी संचालक डीजे बजाता है तो उसपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि होली के दिन प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं जिला अस्पताल पर डाक्टरों की तैनाती करें। अधिशासी अभियंता को विद्युत व्यवस्था ठीक रखने एवं नगरपालिका को साफ-सफाई रखने के निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में अमन चैन बनाये रखने की जितनी जिम्मेदारी प्रशासन की है उतनी ही आम जनता की भी है। उन्होंने आह्वान किया कि वरिष्ठ नागरिक अपने नगर क्षेत्रों एवं आसपास शांति कायम रखने में मदद करें। अराजक तत्वों के साथ सख्ती से निपटा जायेगा।
पुलिस अधीक्षक शिव हरी मीना ने चेतावनी दी कि गड़बड़ी करने वालों के विरुद्घ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी समीर वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक सुनील सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अमरनाथ राय, सीओ सीटी के साथ पूर्व पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल अादि मौजूद रहे।