मधुबन। थाना क्षेत्र के धरमपुर कसायर निवासी जिला पंचायत सदस्य सुबाष यदुवंशी को 24 नवंबर की देर रात फोन पर अपहरण कर जान से मारने की धमकी मिली। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जांच में पता चला कि जिस नंबर से धमकी दी गई है, वह पाकिस्तान का है।
सुबाष यदुवंशी 24 नवंबर को अपने घर पहुंचे तो रात करीब 8 बजे मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया और उसने पाकिस्तान कराची का उल्लेख करते हुए पार्टी के लोगों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए अपहरण कर जान से मारने की धमकी दी। धमकी देने वाले व्यक्ति ने परेशान होने वाले लोगों के नाम नहीं बताए। वह घर से निकलते ही बम से धमाके से उड़ाने की धमकी देता रहा।
पुलिस ने कॉल डिटेल निकलवाया तो मोबाइल नंबर के पाकिस्तानी होने की पुष्टि हुई। पीड़ित ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। उधर यह घटना चर्चा का विषय बन गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।