कोपागंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह में दो पक्षों में हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों क?
- फोटो : MAU
इंदारा। कोपागंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत के एक मोहल्ले में बुधवार को वैवाहिक कार्यक्रम में महिलाओं पर छींटाकशी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। जिसमें दो लोग घायल हो गए। उधर, मौके पर पहुंची पुलिस आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। ग्राम पंचायत निवासी एक ग्रामीण की पुत्री की बुधवार को शादी थी। बरात बलिया जिले से आई हुई थी। वैवाहिक कार्यक्रम में रात करीब दस बजे जयमाल हो रहा था। इसी बीच अचानक छींटाकशी की बात को लेकर लड़की पक्ष की तरफ से आए दो पक्षों में कहासुनी हो गई, देखते देखते ही मामला तूल पकड़ने लगा। लेकिन दोनों पक्षों को मौजूद लोगों ने बातचीत कर शांत करा दिया। लेकिन रात 12 बजे के एक पक्ष के कुछ लोग दुबारा पहुंचे और मामले को लेकर फिर से विवाद कर बैठे। इसी बीच दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर ईट-पत्थर से हमला कर दिया। जिसमें एक पक्ष से शालू तथा दूसरे पक्ष से विशाल गुप्ता घायल हो गए। सूचना पर एसओ कोपागंज हरेराम मौर्या फोर्स के साथ पहुंचे और मामला शांत कराया और अपनी मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराईं। एसओ हरेराम मौर्या ने बताया कि मामला शांत करा दिया गया है। घटना में शामिल आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।