मधुबन बीआरसी पर दिव्यांग ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के जलेबी दौड़ में प्रतिभाग करते छात्र-
मधुबन। नगर पंचायत के नहर रोड स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर शनिवार को समग्र शिक्षा समेकित शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों के लिए ब्लॉकस्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी श्याम सुंदर पटेल ने किया। प्रतियोगिता में 13 न्याय पंचायतों के दिव्यांग बच्चों ने जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़, मेंढक दौड़, छू कर पहचानो, गोली-चम्मच दौड़, रस्साकसी, कला और सुलेख जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जलेबी दौड़ में कंपोजिट विद्यालय हृदयपट्टी के अभिषेक प्रथम और उसुरी प्रथम की रिया द्वितीय रहीं। कुर्सी दौड़ में उसुरी प्रथम की अनन्या प्रथम और उसुरी द्वितीय के रणबीर प्रताप सिंह दूसरे स्थान पर रहे। कला प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय महुवी की सुष्मिता प्रथम और प्राथमिक विद्यालय खीरीकोठा की शिवानी द्वितीय रहीं। छू कर पहचानो प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय मधुबन की सुनैना ने प्रथम तथा साक्षी ने द्वितीय स्थान प्राप्त की। सभी विजयी बच्चों को शिक्षक राज बहादुर सिंह ने पुरस्कार वितरित किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी श्याम सुंदर पटेल ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सभी को इनके सहयोग के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में अशोक कुमार, रविंद्र मौर्य, वकील सिंह, एजुकेटर विजय बहादुर पटेल, संगीता मौर्या, विजय कुमार आदि शामिल थे।