नगर पंचायत चुनाव से पूर्व नगर पालिका सीमा अंतर्गत बनाए गए तीन वार्डों में शामिल किए गए 56 गांवों में विकास कार्य कराए जाएंगे। इन गांवों में प्रकाश, सड़क, पेयजल सहित दूसरी सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा। इसको लेकर कवायद शुरू हो चुकी है। नगर पालिका प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत इन वार्डों में विकास कार्यों को लेकर प्रस्ताव भेजा जा चु़का है। नगर पालिका की ओर से इन वार्ड में विकास कार्यों को लेकर सर्वे भी कराया जा रहा है।
नगर पालिका चुनाव 2023 से पहले पालिका का सीमा विस्तार करते हुए तीन नए वार्ड ठकुरनमनपुर, बढुआगोदाम तथा काझा बनाए गए। इसमें 56 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। अभी इन नए वार्ड में कोई भी विकास कार्य शुरू नहीं हो सका है।
मु़ख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत विस्तारित वार्ड में सड़क, प्रकाश, पेयजल, जलनिकासी सहित दूसरे विकास कार्य का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा चुका है। साथ ही नगर पालिका द्वारा वार्ड सभासदों से विकास कार्य के संबंध में प्रस्ताव मंगाने के साथ सर्वे कार्य भी कराए जाने की कवायद में जुटा है। ऐसे में दोहरी योजना से वार्ड में विकास कार्य तेज गति से होने की संभावना है।
नगर पालिका ईओ दिनेश कुमार ने बताया कि विस्तारित वार्ड में विकास कार्य को लेकर योजना शासन को भेजा जा चुका है, साथ ही स्थानीय स्तर पर विकास कार्य को लेकर सर्वे की योजना तैयार की जा चुकी है।बताया कि मुख्यमंत्री सृजन योजना के तहत भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते ही
वार्ड विकास निधि के अंतर्गत अस्थाई रूप से रोड मरम्मत का काम शुरू कराया जा सकेगा। इसका सीधा फायदा वार्ड की जनता को मिलेगा।वहीं अगर किसी वार्ड में पार्क की हालत बदहाल है तो इस मद के माध्यम से पार्क की दीवार मरम्मत या सफाई कराने के साथ पार्क का कंपलीट सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा। साथ ही पेयजल काे लेकर सुविधा होगी, इसमें अगर किसी वार्ड में सरकारी सबमर्सिबल लगा हुआ है और खराब है तो वार्ड विकास निधि के माध्यम से उसकी भी मरम्मत कराई जाएगी। वहीं, प्रकाश की व्यवस्था को लेकर वार्ड में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाएगी। जिससे वार्डों की गलियां अंधेरे में नहीं होंगी। वहीं नए निर्माण कार्य के तहत वार्ड की जरूरत के हिसाब से नाली या अन्य निर्माण कराया जाएगा।