मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की प्री बोर्ड तथा प्रायोगिक परीक्षा की तिथि घोषित होने के बाद विभागीय कवायद तेज हो गई है। शैक्षिक सत्र 2022-23 के लिए 10वीं तथा 12वीं की प्री बोर्ड परीक्षाएं 16 से 20 जनवरी के बीच कराई जाएंगी।
बोर्ड परीक्षा में 89676 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किया है। यूपी बोर्ड से संबद्ध जिले में 517 माध्यमिक विद्यालय हैं। बोर्ड परीक्षा से पहले हाईस्कूल, इंटरमीडिएट प्री बोर्ड परीक्षा कराने की कवायद तेज हो गई हैं।
प्री बोर्ड की परीक्षाएं 16 जनवरी से 20 जनवरी के बीच होंगी। प्री बोर्ड तथा प्रायोगिक परीक्षा की तिथि घोषित होने के बाद विभाग की तरफ से समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को प्रयोगशाला में व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा निर्धारित समय सीमा तक प्री बोर्ड की परीक्षाओं कराने का फरमान जारी किया गया है।
प्री बोर्ड की परीक्षा संपन्न होने के बाद मूल्यांकन होगा। इसके नंबर भी बोर्ड के वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के 47714 तथा इंटरमीडिएट 41962 सहित 89676 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इसके साथ ही पहले चरण में प्रायोगिक परीक्षाएं 21 से 28 जनवरी के बीच होंगी।
विभागीय अधिकारियों की मानें तो 15 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं शुरू कराने का प्रस्ताव है। परीक्षा समाप्त होते ही मूल्यांकन कार्य शुरू हो जाएगा। इस बाबत डीआईओएस देवेंद्र कुमार गुप्ता का कहना है कि प्री बोर्ड परीक्षा को निर्धारित समय सीमा के अंदर कराने के लिए जिले के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर दिया गया है।