मऊ। खेल निदेशालय के तत्वावधान में नगर के बलिया मोड़ स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे पांच दिवसीय प्रदेशीय महिला आमंत्रण फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच बृहस्पतिवार को देवरिया और वाराणसी के बीच खेला गया। देवरिया ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वाराणसी को 1-0 से हराकर ट्राॅफी पर कब्जा किया।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र तथा पुलिस अधीक्षक इला मारन ने विजेता को ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया। पांच दिवसीय प्रदेशीय महिला आमंत्रण फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच बृहस्पतिवार को देवरिया तथा वाराणसी के बीच खेला गया। खेल प्रारंभ होने के बाद दोनों टीम के खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन किया तथा एक दूसरे पर दबाव बनाए रखा। हाफ टाइम तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
हाफ टाइम के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक दूसरे में गोल दागने को लेकर कड़ा संघर्ष किया। दूसरे हाफ में अंतिम समय में देवरिया ने एक गोल कर अपनी टीम जीत दिला दी। देवरिया की टीम ने वाराणसी को 1-0 से हराकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया। इस मौके पर उप क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल ने मुख्य अतिथियों को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर ओमेंद्र सिंह, शिवगोविंद राय, राजीव आदि शामिल रहे।