मऊ। जिले में डेंगू मरीजों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, लेकिन बढ़ते मरीजों के बाद भी जिला अस्पताल में बना डेंगू वार्ड बीते कई दिनों से बंद है। दरअसल यहां आने वाले मरीजों का उपचार कर उन्हें रेफर कर दिया जा रहा है। वहीं कई मरीज पर्याप्त सुविधा न होने से निजी अस्पतालों को रुख कर रहे हैं।
जिले में डेंगू से बचाव को लेकर जिला अस्पताल में अलग वार्ड बना दिया गया है। लेकिन यह वार्ड बीते कई दिनों से बंद पड़ा है। ऐसा नहीं है कि जिला अस्पताल में डेंगू या बुखार के मरीज इलाज कराने नहीं पहुंच रहे हैं। लेकिन इन मरीजों के यहां पहुंचने पर रेफर कर दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक फिजिशियन के अवकाश पर होने के चलते इस वार्ड में किसी मरीज को भर्ती नहीं कराया जा रहा है। बीते कई दिनों से यह वार्ड शोपीस बना हुआ है।
मरीज तो पहुंच रहे है पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक रेफर कर दे रहे हैं। बताते चलें कि बीते कुछ दिनों से डेंगू का प्रकोप बढ़ा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम नगर के पठानटोला में चार मरीजों में डेंगू की पुष्टि कर चुकी है। इसके अलावा भी जिले में प्रतिदन लोग बुखार से पीड़ित हो रहे हैं।