दुबारी। मधुबन तहसील क्षेत्र के धर्मपुर बिंटोलिया गांव के कटान पीड़ितों ने आवास नहीं मिलने पर बुधवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सभी कटान पीड़ितों को जमीन और आवास मिलेगा। जमीन तो 30 पात्रों को आवंटित हुआ, लेकिन तीन महीने बीतने के बाद भी रहने के लिए आवास नहीं मिला। कटान पीड़ितों को रहने के लिए ग्राम पंचायत लोकया गांव में जमीन आवंटित होने के बाद प्रशासन द्वारा सभी आवंटित पट्टाधारकों को जमीन कब्जा करा दिया गया। लेकिन हमें तीन माह बाद भी आवास नहीं मिला। जनप्रतिनिधियों ने जमीन, आवास, बिजली, पानी सभी मुहैया कराने का आश्वासन दिया था। इस बाबत तहसीलदार मधुबन राहुल गुप्ता का कहना है कि सभी कटान पीड़ितों को जमीन आवंटित की गई है। दो इंडिया मार्क टू हैंडपंप देने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तहसील से प्रस्ताव भेज दिया गया है। बजट मिलने पर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।