कोपागंज। सैकड़ों गांवों और दो मुख्यमार्ग लखनऊ-बलिया और कोपागंज भातकोल मार्ग को जोड़ने वाला कुर्थीजाफरपुर-धवरिया के साथ बरलाई मार्ग काफी जर्जर हाल में पहुंच गया है। इससे क्षेत्रीय लोगों में काफी आक्रोश है। किसान नेता देवप्रकाश राय के नेतृत्व में लोगों ने इस मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर शुक्रवार को सड़क पर प्रदर्शन किया। साथ ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 15 दिनों के अंदर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ तो कलेक्ट्रेट परिसर में आंदोलन किया जायेगा।
ब्लाक मुख्यालय से सात किलोमीटर दूर बरलाई-पूराघाट मार्ग की हालत इतनी बदहाल है कि लोग मजबूरी में ही चार पहिया वाहन लेकर इससे गुजरते हैं। दो पहिया वाहन चालक भी किसी तरह से रास्ता तय कर पाते हैं।
अक्तूबर के पहले सप्ताह में हुई बारिश में पूरी सड़क जलमग्न हो गई। सड़क को लेकर किसान नेता देव प्रकाश राय ने जिला प्रशासन को कई बार पत्र लिखा लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। विरोध प्रदर्शन के दौरान देव प्रकाश राय ने कहा कि यह सड़क कुर्थीजाफरपुर -बरलाई मार्ग धवरिया के साथ पारा, बशारतपुर, जहनियापुर चौबेपुर, सरवां गरीबपुर आदि दर्जनों गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ती है।
पिछले 10 वर्षों से यह मार्ग उपेक्षित पड़ा हुआ है। लोगों ने पुल पर प्रदर्शन करते हुए कहा कि अगर 15 दिनों के अंदर इस सड़क का निर्माण प्रारम्भ नहीं हुआ तो सभी क्षेत्रवासी कलेक्ट्रेट पहुंच एक विशाल धरना प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर धर्मेंद्र सिंह, अल्ताफ प्रधान, अखिलेश राजभर, राशीद कमाल, मुकेश राय आदि शामिल रहे।