बजट के विरोध कलेक्ट्रेट पर देश व्यापी जन अभियान के क्रम में धरना प्रदर्शन करते वामपंथी दलों के का
- फोटो : MAU
मऊ। अखिल भारतीय किसान महासभा के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार तथा प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से बढ़ रही महंगाई सहित विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। धरना सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला संयोजक रामनवल ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने पहले कार्यकाल के चुनावी घोषणा में किसानों को दु गुना लाभ देने की बात कही थी। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट भी लागू करने का वायदा किया, लेकिन पांच साल में किसानों को राहत दिया जाना दूर उल्टे नोटबंदी, जीएसटी जैसे काले कानूनों को लागू कर पहले से ही परेशान किसानों की कमर ही तोड़ दी। महंगाई तेजी से बढ़ रही है। इससे आम आदमी परेशान हो गया है। कहा कि किसानों को राहत देने के बजाय किसान विरोधी पशु खरीद बिक्री कानून बनाकर उनके पशुधन पर ही हमला कर दिया गया। पशु किसान के दुखद दिनों में राहत देने के लिए एटीएम माने जाते थे आज वह पशु उनके विनाश का कारण बन रहे हैं। कहा कि दोहरीघाट बाजार में रविदास जयंती के दिन शोभायात्रा में दलितों पर हमला किया गया। पुलिस दलित नौजवानों को ही गिरफ्तार करके जेल में भेज दिया है। पूरे देश में भाजपा का दलित विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है। धरने को राजेंद्र राम, रामप्रवेश राम, शीला, गीता, शिव कुमार, कमला यादव, देवनाथ यादव, विद्याधर, महानंद, राजेश सिंह, बिरजू, रमाशंकर संजय, आदि शामिल रहे।