कोपागंज। क्षेत्र के ग्राम पंचायत भगवानपुर में कोटेदार द्वारा नियम के अनुरूप राशन नहीं दिए जाने से गुस्साए ग्रामीणों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। चेताया कि यदि समय पर राशन नहीं मिला तो वह आंदोलन करेंगे। ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत भगवानपुर में राशन कार्ड की पात्रता सूची में सैकड़ों उपभोक्ताओं का नाम होने के बाद भी कोटेदार द्वारा खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार दस-दस किग्रा कम राशन वितरित कर रहा है। महीने में केवल दो ही दिन राशन बांटा जा रहा है। जिससे कई ग्रामीणों को राशन नहीं मिल पा रहा है। इन सभी समस्याओं से खिन्न ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि पूर्ति विभाग कोटेदार के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करेगा तो कार्डधारक आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में विश्वनाथ चौहान, राम लखन चौहान, रामधनी चौहान, सुरेंद्र यादव, अशोक विश्वकर्मा, पप्पू मौर्या, फुरकान, विक्कू चौहान, हरिनाथ चौहान, विजेंद्र शर्मा आदि शामिल रहे।