रानीपुर। ब्लाॅक के भंवरेपुर गांव में राज्य राजमार्ग को जोड़ने वाली सड़क पर बीते कई महीने से घरों का गंदा पानी बह रहा है। पानी के चलते रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। गांव के पंकज यादव ने सोशल मीडिया पर मार्ग के निर्माण और मरम्मत के लिए घोसी के सपा सांसद राजीव राय से गुहार लगाई है। सोशल मीडिया पर पंकज यादव ने बताया कि मार्ग पर जल भराव से निजात के लिए वह कई महीने से ब्लॉक मुख्यालय और मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के अधिकारियों के यहां चक्कर लगा रहे हैं। ब्लॉक मुख्यालय के अधिकारी कहते हैं कि एसडीएम के माध्यम से समाधान होगा। लेकिन तहसील मुख्यालय जाने पर वहां से ब्लॉक के लिए भेज दिया जाता है।