घोसी से सपा सांसद राजीव राय ने रेल मंत्री अश्विन वैष्णव को पत्र भेजकर मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन से चलने वाली दो प्रमुख ट्रेनों का नामकरण करने और दोहरीघाट से ट्रेनों के संचालन की मांग की है।
भेजे गए पत्र में साथ ही सईदी रोड से इस्लामपुरा तक एक टिकट घर का निर्माण की मांग की है। कारण देते हुए बताया कि सईदी रोड की ओर हैंडलूम और पावर लूम के अधिकतर कारोबारियों और शहर की बड़ी आबादी का निवास है। उस ओर टिकट घर नहीं होने पर उन्हें लंबी दूरी तय कर मुख्य गेट पर आना पड़ता है। सप्ताह में मंगलवार और शुक्रवार को मऊ जंक्शन से आनंद विहार जाने वाली आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22549) का नामकरण जिनपद के विख्यात लेखक एवं कवि पंडित श्याम नारायण पांडेय के नाम पर रखे जाने की मांग की। साथ ही मऊ से हर रविवार और मंगलवार को आनंद विहार जाने वाली आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (15025) और आनंद विहार से हर बुधवार और शनिवार को मऊ के लिए चलने वाली मऊ एक्सप्रेस (15026) का नामकरण मां वनदेवी के नाम पर रखे जाने की मांग की है। मऊ रेलवे स्टेशन से दक्षिण भारत के लिए एक नई ट्रेन चलाने, मऊ से मुंबई के लिए सप्ताह में एक दिन चलने वाली लोकमान्य तिलक ट्रेन को प्रतिदिन चलाई जाने की मांग की। आजमगढ़ से दिल्ली चलने वाली कैफियात एक्सप्रेस को मऊ रेलवे स्टेशन से चलाने, गाजीपुर और बलिया जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन को मऊ रेलवे स्टेशन से चलाने की मांग की। वंदे भारत ट्रेन को मऊ से दिल्ली और मुंबई के लिए चलाए जाने, मऊ रेलवे स्टेशन से चलने वाली ट्रेनों को दोहरीघाट रेलवे स्टेशन से चलाए जाने की मांग की। दोहरीघाट रेलवे स्टेशन से एक इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन प्रयागराज तक चलाए जाने की मांग की है।