समाचार पत्र विक्रेता मृत फूलचंद यादव।फाइल फोटो
- फोटो : MAU
चिरैयाकोट। कसबे में स्थित इंटर कॉलेज के पास रविवार की सुबह साढ़े पांच बजे तेज रफ्तार बाइक सवार ने अखबार का वितरण कर रहे 55 वर्षीय समाचार पत्र वितरक को टक्कर मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने समाचार पत्र वितरक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। जब कि आरोपी बाइक सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया। समाचार पत्र वितरक की मौत से जनपद भर के समाचार पत्र वितरकों में शोक की लहर दौड़ गई। आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के टिसौरा गांव निवासी फूलचंद यादव की चिरैयाकोट बाजार में समाचार पत्रों की एजेंसी है। फूलचंद खुद भी अपने छोटे बेटे के साथ अखबार वितरण करते थे। रविवार की अलसुबह लगभग पांच बजे अमर उजाला समाचार पत्र का वाहन अखबार लेकर चिरैयाकोट बाजार पहुंचा। वाहन से अखबार लेकर फूलचंद आसपास के लोगों की दुकानों पर अखबार बांटने लगे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया। फूलचंद सड़क पर गिर पड़े। लोग जब तक दौड़कर उनके पास पहुंचे और अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, उनकी मौत हो गई। अमर उजाला अखबार लाने वाले वाहन से ही उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उधर, समाचार पत्र वितरक को टक्कर मारने वाले बाइक सवारों को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाइक चला रहा युवक नितीश गाजीपुर के दुल्लहपुर थाने के धर्मागतपुर गांव निवासी है। जबकि उसके पीछे बैठा चंदन उसी के गांव का है। गाजीपुर जिले के बिरनो थाने के नितीश का मौसेरा भाई बिरनो थाने के भैरोपुर निवासी प्रदीप मुंबई से आ रहा था, उसे लेने के लिए नितीश बाइक से खरिहानी जा रहा था कि चिरैयाकोट बाजार के पास फूलचंद को ठोकर मार दिया। फूलचंद का बड़ा बेटा राजेश लोको पायलट है। जबकि मझला बेटा दिनेश इलाहाबाद में नौकरी करता है। सबसे छोटा रामजन्म पिता के व्यवसाय में हाथ बंटाता है।