ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बुधवार को दो नामजद समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। एसपी के निर्देश पर केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। मुकदमे के अनुसार, ग्राम साहूपुर हलधरपुर के ग्राम प्रधान संजय सिंह एक निजी स्कूल में अध्यापक हैं। 27 मार्च को स्कूल के कार्य से बाइक से मऊ गये थे। सायं पांच बजे लौटते वक्त पहसा बाजार से पश्चिम बाइक सवार तीन लोगों ने उन्हें रोक लिया तथा लाठी डंडों और राड से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उन्हें काफी चोटें आईं। हमलावरों में से एक ने तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी भी दी। ग्राम प्रधान ने गांव के ही विजय प्रकाश सिंह, हिमांशु सिंह पर प्रधानी और पंचायत सहायक की नियुक्ति की रंजिश को लेकर हमला करने की साजिश का आरोप लगाते हुए मुकामी पुलिस को तहरीर दी। लेकिन पुलिस उन्हें टरकाती रही। जिस पर उन्होंने एसपी से गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच करने का निर्देश दिया। जिस पर पुलिस ने दो नामजद साजिश कर्ता व तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और छानबीन में जुट गई।