मऊ। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से उच्च शिक्षा क्षेत्र में शोध और अनुसंधान कार्य कर रहे छात्र छात्राओं को बड़ी राहत दी गई है। यूजीसी ने पीएचडी पाठ्यक्रमों के शोधार्थियों को अपने शोध एवं अनुसंधान कार्य की थीसिस जमा करने के लिए छह महीने की अतिरिक्त मोहलत दी है। नई व्यवस्था के तहत 80 से अधिक शोधार्थियों को इसका लाभ मिल सकेगा। जिले में दो राजकीय, चार सहायता प्राप्त सहित 150 मान्यताप्राप्त महाविद्यालय हैं। संक्रमण के चलते शोध कार्य पर असर पड़ा है। शोधार्थियों की ओर से समय सीमा बढ़ाने की मांग उठने लगी थी। ऐसे में यूजीसी ने पीएचडी की थीसिस जमा करने के लिए 30 जून तक की मोहलत दी है। नगर के डीसीएसके पीजी कालेज के अंग्रेजी विभागाध्यक्षक्ष प्रोफेसर डॉ. एके मिश्र ने बताया कि कोविड-19 के कारण शोध कार्यों और अध्ययन में लगने वाले समय को देखते हुए विस्तार दिया गया है। बताया कि अंग्रेजी, शिक्षा शास्त्र, अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र, भूगोल, हिंदी, उर्दू के 50से अधिक शोधार्थी हैं। समय सीमा बढ़ने से छात्रों को काफी राहत मिलेगी। मर्यादा पुरुषोत्तम पीजी कालेज भुड़सुडी के प्राचार्य डॉ. आरएन मिश्रा ने बताया कि कालेज में 12 छात्र पीएचडी कर रहे हैं। कोविड के चलते शोध कार्यो पर असर पड़ा है। समय सीमा बढ़ने से छात्र छात्राओं को राहत मिली है।